सुनीता लॉन में भारतीय पटेल महासभा की बैठक, निर्माण कंपनी पर मनमानी का आरोप; प्रतिमा स्थल के पुनर्निर्माण की मांग
बदायूं। पटेल चौक स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चबूतरे और फर्श को क्षतिग्रस्त किए जाने तथा प्रतिमा हटाए जाने की सूचना से कुर्मी समाज में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर भारतीय पटेल महासभा एवं कुर्मी समाज के प्रतिनिधियों ने 28 अक्टूबर को सुनीता लॉन में बैठक कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर प्रतिमा स्थल को सुरक्षित कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
बैठक में पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई से संबंधित निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा पटेल चौक पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चबूतरे और फर्श को नुकसान पहुंचाया गया है। समाज के प्रतिनिधियों को जब प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई।
भारतीय पटेल महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में निर्माण कंपनी के सब-इंजीनियर मोहम्मद मुदस्सिर से फोन पर बातचीत की गई। संगठन का दावा है कि बातचीत के दौरान प्रतिमा हटाए जाने की बात कही गई। इससे समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा स्थल के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कंपनी को आवश्यक निर्देश देने और प्रतिमा स्थल की पूर्व स्थिति बहाल कराने की मांग की।
आंदोलन की दी चेतावनी
भारतीय पटेल महासभा ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कंपनी ने मनमानी बंद नहीं की और क्षतिग्रस्त स्थल का शीघ्र पुनर्निर्माण नहीं कराया, तो कुर्मी समाज के लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। संगठन ने कहा कि मामले का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि सामाजिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में कुलदीप पटेल एडवोकेट, रवीश पटेल उर्फ टिंकू, नरेश पटेल, बृजकिशोर पटेल, विजेन्द्र सिंह पटेल, शिवेन्द्र पटेल एडवोकेट, सुदीप पटेल एडवोकेट, प्रदीप सिंह पटेल एडवोकेट, सतीश चन्द्र सिंह पटेल, रूपेन्द्र पटेल, यशपाल पटेल, प्रेमपाल पटेल, महेश पटेल, सत्येन्द्र पटेल, सुजान पटेल, काली चरन पटेल, आशीष पटेल, पुष्पेन्द्र पटेल एवं देवेन्द्र पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






