बदायूं। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती भारतीय पटेल महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाई। इस अवसर पर सर्वप्रथम सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में भारतीय पटेल महासभा के प्रदेश महासचिव कुलदीप सिंह पटेल एडवोकेट ने सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने मजबूत और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें लौह पुरुष की उपाधि से सम्मानित किया गया।
महासभा के जिलाध्यक्ष रवीश पटेल उर्फ टिंकू ने सरदार पटेल के जीवन आदर्शों पर विचार व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर जोगेंद्र सिंह पटेल, शिवेन्द्र पटेल एडवोकेट, राघवेंद्र सिंह, प्रेमपाल सिंह, राजीव सिंह, सतीश चन्द्र सिंह, अनंत राठौर, सर्वेश पटेल, विजेन्द्र सिंह, भोजराज सिंह, देवेन्द्र सिंह, बृजकिशोर सिंह, सतेंद्र पटेल सहित भारतीय पटेल महासभा के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






