ईको वैन, बस, ई-रिक्शा और ऑटो पर हुई कार्रवाई; 64 वाहनों के चालान भी काटे
बदायूं। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और राजस्व वसूली को लेकर जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान लंबे समय से बकाया टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान सीज किए गए वाहनों में 4 ईको वैन, 2 बड़ी बसें, 5 ई-रिक्शा और 5 ऑटो शामिल हैं। विभाग ने सभी वाहनों को पुलिस लाइन बदायूं, उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं और थाना सहसवान में सीज कराया है।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 64 दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का बकाया टैक्स समय से जमा करें। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया टैक्स जमा नहीं करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।






